लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड बाराकोट के जीआईसी बापरू में संकुल स्तरीय मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन खेल छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्र-छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू हो गईं हैं। योजना के तहत प्रतियोगिता में आठ से 14 वर्ष के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रतियोगिता में चयनित उदीयमान खिलाड़ियों को प्रति माह 1,500 रुपये की छात्रवृत्ति देय है। प्रतियोगिता में 600 मीटर की दौड़, शटल रन, बैंड रिच, मेडिसन बॉल थ्रो, लंबी कूद आदि प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में संकुल के बापरू, बंतोली, गुमोद, ग्वीनाड़ा, रेगडू, छंदा, दयारतोली, कालाकोट के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। नरेंद्र राम टम्टा, नीरज वर्मा, हरीश जोशी, छत्रपाल निर्णायक रहे जबकि देवराज ओमरे, पंचदेव पांडेय, महेंद्र अधिकारी ने अभिलेख में सहयोग किया। प्रधानाचार्य संजीव पंत की अध्यक्षता में स्काउट मास्टर प्रकाश चंद्र उपाध्याय ने संचालन किया।
..................
मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना चयन ट्रायल की तिथि बदली
संवाद न्यूज एजेंसी
पिथौरागढ़। जिले में मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत छात्रवृत्ति दिए जाने के लिए चयन प्रक्रिया की तिथि बदला गई है। बारिश के कारण न्याय पंचायत स्तरीय चयन प्रक्रिया 25 जुलाई से शुरू होंगी।
जिला क्रीड़ाधिकारी प्रताप सिंह ने बताया कि न्याय पंचायत स्तरीय चयन प्रक्रिया 10 जुलाई से 64 न्याय पंचायतों में शुरू की गई थी। वर्ष के कारण विद्यालयों में अवकाश के चलते चयन प्रक्रिया नहीं हो सकी थी। उन्होंने बताया कि 40 न्याय पंचायतों के चयन ट्रायल प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर 25 से 26 जुलाई को आयोजित किए जाएंगे। शारीरिक दक्षता परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर वरीयता का निर्धारण विकास खंड स्तर के लिए किया जाएगा।
27 जुलाई से होगी नगर पालिका गंगोलीहाट, बेड़ीनाग, डीडीहाट, धारचूला में जिला क्रीड़ाधिकारी की अध्यक्षता में चयन प्रक्रिया होगी। विकास खंड स्तरीय चयन प्रक्रिया एक से पांच अगस्त को बिण, मूनाकोट, कनालीछीना, डीडीहाट, धारचूला, मुनस्यारी, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट में गठित समिति की अध्यक्षता में होगी। जिल स्तरीय चयन प्रक्रिया आठ और 10 अगस्त को स्टेडियम में एसडीएम सदर की अध्यक्षता में गठित समिति करेगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर वरीयता का निर्धारण किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को एक वर्ष तक रुपये 1500 प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। प्रत्येक आयु वर्ग में छात्रवृत्ति चेक वितरण राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को किया जाएगा।