ओलावृष्टि से पटी चंपावत की सड़क। संवाद
चंपावत। बारिश के बाद भारी ओलावृष्टि से चंपावत की सड़क पट गई। 20 मिनट तक पड़े ओलों से बागवानी को नुकसान हुआ है। इससे किसानों को तगड़ा झटका लगा है। जिला उद्यान अधिकारी टीएन पांडेय ने बताया कि आड़ू, पुलम, खुमानी के अलावा सेब को भी नुकसान पहुंचा है। सब्जियों के छोटे पौधे होने से खास नुकसान नहीं हुआ है।
चंपावत में शुक्रवार दोपहर एक बजे बाद एकाएक तेज बारिश हुई। करीब 47 मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश के कुछ देर बाद ओले गिरे। इससे खेत-खलिहान ही नहीं सड़क भी ओलों से पट गई। इस दौरान वाहनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा। रीठा साहिब जोड़ मेले में जा रहे तीर्थ यात्रियों को भी काफी देर जगह-जगह इंतजार करना पड़ा।
बाक्स
जंगल और जल स्रोतों को फायदा हुआ
चंपावत। बारिश और ओले गिरने से बागवानी पर असर पड़ा। बारिश जंगल और पेयजल के लिए फायदेमंद रही। डीएफओ आरसी कांडपाल का कहना है कि बारिश और ओलों से जंगल में आग का खतरा कम हुआ है। जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता हेमंत फुलारा का कहना है कि ओलों से जल स्रोतों पर अच्छा असर पड़ा है।