चंपावत। मुख्यमंत्री और चंपावत विधायक पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिन पर सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के चंपावत कैंपस को एमएससी संकाय का तोहफा दिया है। कैंपस में एमएससी के साथ ही 12 नए विषयों के संचालन की भी शासन से स्वीकृति मिल गई है। इस संबंध में शासन के अपर सचिव प्रशांत कुमार आर्य की ओर से उच्च शिक्षा निदेशालय को शासनादेश जारी कर दिया है।
इसके अलावा सभी नए सृजित विषयों में प्रवक्ताओं के 12 पदों के साथ ही सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष, कनिष्ठ सहायक, प्रयोगशाला सहायक, प्रयोगशाला परिचर सहित कुल 20 पद भी स्वीकृत किए गए हैं। डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि शासनादेश के अनुसार चंपावत पीजी कॉलेज में स्नातक स्तर पर शिक्षाशास्त्र, मनोविज्ञान, संस्कृत, भूगोल, गृह विज्ञान और स्नातकोत्तर स्तर पर हिंदी, इतिहास, समाजशास्त्र, अंग्रेजी विषयों के साथ ही एमएससी में जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान और रसायन विज्ञान विषयों को स्वीकृति दी गई है।
विद्यार्थी परिषद और छात्र नेताओं ने जताई खुशी
चंपावत। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एमएससी के साथ ही 12 नए विषयों का शासनादेश जारी होने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और छात्रसंघ के पूर्व पदाधिकारियों ने खुशी जताई है। मोटर स्टेशन में छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष गौरव पांडेय के नेतृत्व में छात्रनेताओं ने आतिशबाजी कर मिठाई बांटी। उन्होंने सीएम पुष्कर सिंह धामी और कैलाश गहतोड़ी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान भाजपा नेता मुकेश कलखुड़िया, पूर्व महासचिव पीयूष जोशी, एबीवीपी के जिला संयोजक पारस महर, छात्रनेता मुकेश जोशी, ललित देउपा ने विचार रखे। कार्यक्रम में छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश बिनवाल, मनोज तड़ागी, हरीश जोशी, शंकर जोशी, गोविंद प्रसाद, विजय कुमार, रवींद्र चौधरी, रविशंकर, अंकित खर्कवाल, कुशाग्र वर्मा, मोहित भट्ट, भानू तड़ागी, गौरव महराना, विपिन कलखुडिय़ा, दीपक भट्ट, कमल जोशी, मन्नू जोशी, शेखर सिंह, आयुष तड़ागी आदि मौजूद थे।