आठ अटल उत्कृष्ट विद्यालयों के विद्यार्थी पहली बार देंगे सीबीएसई की परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंपावत। जिले के आठ जीआईसी और जीजीआईसी के 1,278 विद्यार्थी पहली बार केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई) की परीक्षा देंगे। ये कॉलेज 2022 तक उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षा देते थे लेकिन अटल उत्कृष्ट श्रेणी में शामिल होने के बाद पहली बार ये सीबीएसई की परीक्षा देंगे। जीआईसी पाटी और चौड़ामेहता का परीक्षा केंद्र उनके अपने विद्यालयों में बने हैं जबकि छह विद्यालयों के विद्यार्थियों को दूसरी जगह जाना पड़ेगा।
भले ही सीबीएसई की परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो गई हैं लेकिन इस जिले के छात्र-छात्राओं का पहला पेपर 20 फरवरी को होगा। सीईओ आरसी पुरोहित ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, निजी स्कूलों को मिला कर जिले में कुल 2,674 विद्यार्थी ये परीक्षा देंगे। हाईस्कूल में 1,289 और इंटर में 1,385 विद्यार्थी इम्तिहान देंगे। इसके लिए कुल नौ पाटी, चौड़ामेहता, टनकपुर, चंपावत, खूनाबोरा में एक-एक केंद्र के अलावा बनबसा और लोहाघाट में दो-दो केंद्र बनाए गए हैं।
जिले के 10 जीआईसी और हाईस्कूलों में से आठ चंपावत, पुलहिंडोला, पाटी, चौड़ामेहता, चौमेल, बाराकोट जीआईसी, टनकपुर और लोहाघाट के जीजीआईसी को अटल उत्कृष्ट श्रेणी में शामिल किया गया है। शेष 97 हाईस्कूल और जीआईसी के हाईस्कूल और इंटर के विद्यार्थी उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षा देंगे।