बनबसा पुलिस की गिरफ्त में पकड़ा गया स्मैक तस्कर।
- फोटो : TANAKPUR
बनबसा (चंपावत)। शारदा बैराज चौकी पुलिस ने एक युवक को करीब साढ़े दस ग्राम स्मैक के साथ पकड़कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार बीती देर सायं शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई गोविंद सिंह बिष्ट, कांस्टेबल ललित सिंह एवं रवींद्र विश्वकर्मा बैराज पर सघन चेकिंग अभियान पर थे। इसी बीच उन्हें बेलबंद्धगोठ की ओर नेपाल को जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति के आने की सूचना मिली। इस पर पुलिस आनन फानन में बेलबंद्धगोठ के निकट नेपाली मार्ग पर पहुंच गई। इस बीच वहां नेपाल की ओर जा रही एक बाइक संख्या यूके 0 6 एयू 5064 को रोका तो बाइक सवार ने भागने का प्रयास किया। लेकिन जंगली मार्ग संकरा होने से वह भागने में नाकाम रहा। पुलिस ने उसे पकड़ तलाशी ली तो बाइक चालक के पास 10.40 ग्राम स्मैक एवं 40500 रुपये की नकदी भी बरामद हुई। थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान ने आरोपी ऊधमसिंह नगर के ग्राम सिद्दा नवदिया नानकमत्ता निवासी लखविंदर सिंह उर्फ लक्की के खिलाफ एनडीपीएस की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। बताया गया है कि आरोपी इस साल जुलाई माह में भी 15.30 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया था। आरोपी ऊधम सिंह नगर से स्मैक लाकर नेपाली युवकों के हाथों फुटकर में बेचता है। ब्यूरो