लोहाघाट-पिथौरागढ़ एनएच में लीसा डिपो के पास कार और टैंकर की भिड़ंत।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेल के टैंकर और कार की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को आपात सेवा 108 के जरिये पिथौरागढ़ अस्पताल भेजा गया।
लोहाघाट से शुक्रवार शाम पिथौरागढ़ की ओर जा रही कार लीसा डिपो बाराकोट के पास पिथौरागढ़ से लोहाघाट की ओर आ रहे तेल के टैंकर की चपेट में आ गई। एयरबैग खुलने से कार सवारों की जान बच गई। इसके बावजूद कार में सवार टकाना पिथौरागढ़ निवासी प्रदीप भट्ट पुत्र भैरव दत्त भट्ट और वहीं के एकलव्य पांडेय पुत्र जीवन पांडेय घायल हो गए। उनके हाथ, पैर में गंभीर चोट लगी।
घटना के बाद घायलों को राहगीरों की मदद से मशक्कत के बाद कार से निकाला गया जिन्हें आपात वाहन 108 के जरिये पिथौरागढ़ अस्पताल भेजा गया। थाना प्रभारी मनीष खत्री ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक टैंकर चालक फरार हो गया था जिसे पकड़ने के लिए टीम लगाई गई है। दावा किया कि आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।