चंपावत। जिले में स्वांला में तीन दिन से बंद टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच बंद होने से एक करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। जरूरी सामान की किल्लत होने लगी हैं। सब्जी के वाहन नहीं आने से लोगों को ताजी सब्जियां नहीं मिल पा रही हैं।
टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर स्वांला के पास तीन दिन पूर्व मलबा आने से यातायात ठप है। कई यात्री वाहन और रोडवेज की बसें स्वांला में फंसी है। एनएच बंद होने से चंपावत नगर का व्यापारिक और पर्यटन कारोबार प्रभावित हुआ है। नगर में बाहर से आने वाले दूध, पनीर, सब्जी, निर्माण सामग्री के वाहन नहीं पहुंच पा रहे हैं। चंपावत में अधिकांश सब्जी पीलीभीत मंडी से आती है। रसोई गैस सिलिंडर के वाहन भी स्वांला क्षेत्र में फंसे है। इसके अलावा सब्जी के वाहन, सेना के वाहन पिछले तीन दिन से मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं। जुलाई माह की आपदा में जहां लाखों का कारोबार प्रभावित हुआ था। वहीं तीन दिन की बारिश से करोड़ों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। बाजार में मछली, मुर्गा मिलना मुश्किल हो गया है। मीट की दुकानों में ताले लटके हैं।
कोट
तीन से एनएच बंद होने से व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप हैं। ग्रामीण सड़क मार्ग बंद होने के चलते ग्रामीण मुख्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं। अब तक एक करोड़ से अधिक का व्यापार प्रभावित हुआ है। - विकास साह, व्यापार संघ अध्यक्ष, चंपावत।
कोट
सब्जी का वाहन टनकपुर में फंसा हुआ है। एक लाख की सब्जी का नुकसान हो गया है। अगर एनएच नहीं खुला तो दिक्कतें बढ़ सकती हैं। स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सब्जी लोगों को उपलब्ध कराई जा रही है। - कैलाश सिंह अधिकारी, सब्जी विक्रेता, चंपावत।