अमर उजाला ब्यूरो, चंपावत। चंपावत जिले के पहाड़ी हिस्से की बीएसएनएल (भारत संचार सेवा निगम लिमिटेड) की संचार सेवा सोमवार को सात घंटे ठप रही। जिस कारण कई जगह बैंक का कामकाज भी प्रभावित रहा। जिले के दो लाख से अधिक बीएसएनएल उपभोक्ता परेशान रहे। सोमवार सुबह 10.30 बजे देवीधुरा-खेतीखान के बीच ओएफसी (ऑप्टीकल फाइबर केबिल) कट गई। इसके चलते चंपावत, लोहाघाट, बाराकोट, पाटी, देवीधुरा, रीठा साहिब आदि क्षेत्रों के बीएसएनएल के फोन व मोबाइल सेवा ठप हो गई। ब्राडबैंड सेवा भी बुरी तरह प्रभावित रही। जिले के कई क्षेत्रों में अभी भी सिर्फ बीएसएनएल नेटवर्क है। इस वजह से गुमदेश, तल्लादेश, लधिया घाटी आदि क्षेत्रों की संचार सेवा पूरी तरह बाधित रही। अलबत्ता शाम साढ़े पांच बजे बाद सेवा सुचारू हो गई।
इधर, बीएसएनएल अल्मोड़ा क्षेत्र के महाप्रबंधक एके गुप्ता का कहना है कि देवीधुरा-खेतीखान के बीच ओएफसी कटी थी जिसे तकनीकी टीम भेजकर दुरस्त कराया गया।