फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Champawat News: रोडवेज बस का ब्रेक फेल, बाल-बाल बचे 26 यात्री

Thu, 06 Jul 2023 10:28 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चम्पावत
विज्ञापन
लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में मरोड़ाखान के पास बस दुर्घटना के बाद सहमे यात्री। संवाद
विज्ञापन
लोहाघाट (चंपावत)। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरोड़ाखान के पास देहरादून से पिथौरागढ़ जा रही रोडवेज बस का ब्रेक फेल हो गया। चालक की सूझबूझ से बस खाई में गिरने से बच गई और उसमें सवार सभी 26 यात्री बाल-बाल बच गए। बस के पहाड़ी से टकराने से उसमें सवार छह यात्री और चालक-परिचालक चोटिल हो गए। घायलों का इलाज उप जिला अस्पताल लोहाघाट में किया गया।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे देहरादून से पिथौरागढ़ जा रही बस (यूके 07 पीए 2906) का मरोड़ाखान के पास ब्रेक फेल हो गया। इसका पता चलने पर चालक पंकज पांडेय ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को पहाड़ी से टकराकर रोक दिया। बस के पहाड़ी से टकराने से उसमें सवार उज्ज्वली धामी (56) पुत्र मान सिंह धामी निवासी नेपाल, विवेक (25) पुत्र गोविंद थापा निवासी पिथौरागढ, अरविंद बेलाल (20) पुत्र नीरज सिंह ऐंचोली पिथौरागढ़, मयंक कार्की (19) पुत्र विनोद कार्की निवासी ऐंचोली पिथौरागढ, कमल थापा (25) पुत्र उत्तम थापा निवासी पिथौरागढ़, लक्ष्मी (40) पत्नी उत्तम थापा निवासी पिथौरागढ़, चालक पंकज पांडेय और परिचालक गौरव वर्नवाल घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को बस से निकाला और 108 से उप जिला अस्पताल लोहाघाट भेजा। घायलों का इलाज कर रहे डॉ. करन ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। रोडवेज के एजीएम केएस राणा ने अस्पताल आकर सभी घायलों का हाल जाना।
विज्ञापन

बाक्स
रोडवेज ने घायलों को वितरित की आर्थिक सहायता
लोहाघाट (चंपावत)। रोडवेज के लोहाघाट डिपो की ओर से बस दुर्घटना में घायल छह लोगों को पांच-पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। एजीएम केएस राणा और कर्मचारी नेता सूरज भान ने अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल जाना और सहायता राशि दी। एजीएम ने बताया कि बस दुर्घटना के बाद घायलों के अलावा 20 अन्य यात्रियों को रोडवेज की दूसरी बस से पिथौरागढ़ भेजा गया। उन्होंने बताया कि चार घायलों को पिथौरागढ़ अस्पताल रेफर किया गया है जबकि चालक-परिचालक और अन्य दो घायलों को छुट्टी दे दी गई है। संवाद
...............
मरोड़ाखान बस हादसा
ब्रेक पैड के पिन निकलने से हुआ हादसा

चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरोड़ाखान के पास रोडवेज बस ब्रेक फेल होने से दुर्घटनाग्रस्त हुई। चालक पंकज पांडेय की सूझबूझ से बड़ी दुर्घटना टल गई। ब्रेक फेल होने की वजह ब्रेक पैड का पिन निकलना बताया गया है। दुर्घटना के बाद परिवहन विभाग के संभागीय निरीक्षक संजय सिंह ने मौके पर जाकर बस का परीक्षण कर इसकी तस्दीक की है। ब्रेक पैड वाहन की गति को रोकने का काम करता है। इसके लिए पैड पर पिन लगे होते हैं। हादसाग्रस्त बस में यही पिन निकले हुए थे।
एसपी देवेंद्र पींचा ने कहा कि फिटनेस की कमी अथवा बस की खामी दूर करने के लिए संयुक्त रूप से कार्यनीति बनाई जाएगी। जिला प्रशासन, रोडवेज और परिवहन विभाग के साथ मिलकर वाहन के फिटनेस को बेहतर बनाने के लिए काम किया जाएगा। एआरटीओ सुरेंद्र कुमार का कहना है कि हादसों पर लगाम लगाने के लिए रोडवेज बस की फिटनेस की पड़ताल की जाएगी।

.................
यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहा परिवहन निगम

टनकपुर (चंपावत)। एक ओर उत्तराखंड परिवहन निगम को घाटे से उबारने की कवायद चल रही है दूसरी ओर परिवहन निगम खटारा बस दौड़ाकर यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहा है। उम्र पूरी कर चुकी बस को भी कमाई के लिए सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को टनकपुर-पिथौरागढ़ मार्ग पर मरोड़ाखान के पास रोडवेज बस के ब्रेक फेल होने की घटना इसी लापरवाही का नतीजा है।

निगम के टनकपुर रीजन में टनकपुर के अलावा लोहाघाट और पिथौरागढ़ तीन डिपो आते हैं। वर्तमान में टनकपुर डिपो से पहाड़ और मैदान के लिए 96 बस संचालित हो रही हैं। इनमें 15 बस ऐसी हैं जो किलोमीटर के लिहाज से पर्वतीय क्षेत्र के लिए आयु का मानक पूरा कर चुकी हैं। एआरएम संचालन नरेंद्र कुमार गौतम ने बताया ऐसी बस मैदान में स्थानीय मार्गों पर चलाई जा रही हैं। लोहाघाट डिपो के एआरएम केएस राणा के मुताबिक डिपो से हर दिन 15 बस संचालित हो रही हैं। इनमें भी कुछ बस तकनीकी खामी तो कुछ यात्री नहीं मिलने की वजह से ऑफ रोड रखनी पड़ रही हैं। उन्होंने बताया कि 22 बस ऐसी हैं जो अगले महीने अगस्त में पर्वतीय क्षेत्र का मानक पूरा कर लेंगी। ऐसे ही हाल पिथौरागढ़ डिपो के भी हैं। वहां से संचालित हो रही कई बस की स्थिति ठीक नहीं है।
बॉक्स
बस का टोटा और लक्ष्य शतप्रतिशत संचालन का

टनकपुर रीजन में परिवहन निगम की बस की स्थिति ठीक नहीं है। मुख्यालय ने रीजन के तीनों डिपो (टनकपुर, लोहाघाट और पिथौरागढ़) को इस जुलाई में शत प्रतिशत बस संचालित करने और स्थगन शून्य रखने को कहा है। आदेश के मुताबिक टनकपुर डिपो को 112 बस चलाकर 21 लाख 28 हजार, लोहाघाट को 32 बस से 5 लाख 44 हजार और पिथौरागढ़ को 62 बस से 10 लाख 54 हजार दैनिक आय का लक्ष्य दिया गया है। संवाद
..........
यात्रियों की जान से किया जा रहा है खिलवाड़
पिथौरागढ़। पूर्व प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस लोकसभा प्रभारी भुवन पांडेय ने मरोड़ाखान के पास हुए बस हादसे को बड़ी लापरवाही बताया है। उनका कहना है कि परिवहन निगम खटारा बस चलाकर यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहा है। इसकी जिम्मेदार प्रदेश सरकार है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार को पहाड़ के लोगों से कोई लेना देना नहीं है। इसलिए लंबे समय से खटारा बस चलाई जा रही हैं। उन्होंने पुरानी बस को शीघ्र रूट से हटाकर नई बस संचालन की मांग की है। संवाद
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें