लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट के समीप रायनगर चौड़ी खेल मैदान में जय मां भगवती ओपन क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन बोहरा इलेवन बलांई और खतेड़ा इलेवन ने अपने अपने मैच जीतकर अगले चक्र में प्रवेश किया। मुख्य अतिथि रायनगर चौड़ी के ग्राम प्रधान प्रशासक जितेंद्र राय ने मैच का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में मंगलवार को पहला मैच बलांई बोहरा इलेवन और देवाथें इलेवन के बीच खेला गया। बलांई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवरों में 139 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी देवाथें इलेवन की टीम कड़े संघर्ष के बावजूद 127 रन ही बना सकी। बलांई ने 12 रनों से जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश किया। दूसरा मैच रायनगर चौड़ी बी और खतेड़ा इलेवन के बीच खेला गया। रायनगर चौड़ी की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 61 रनों में ढेर हो गई। खतेड़ा इलेवन ने छह ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर मैच जीतकर अगले चक्र में प्रवेश किया। अंपायर सचिन गिरि, निखिल राय, स्कोरर तरून जोशी रहे। आयोजन में कुलदीप राय, निखिल राय,अजय गिरी आदि जुटे हुए हैं।