शारदा नदी में डूबे बरेली के दोनों भाइयों के छठे दिन शव मिले।
टनकपुर (चंपावत)। शारदा नदी में डूबे बरेली के दोनों भाइयों के शव मिल गए हैं। परिजनों के शिनाख्त करने के बाद पुलिस ने पाेस्टमार्टम कराकर शव उन्हें सौंप दिए। वहीं बूम में डूबे अलीगढ़ के अभिषेक का अभी पता नहीं चला है।
बरेली जिले के पुरेना आंवला निवासी राजू राजपूत (20) पुत्र प्रेमशंकर और उसका छोटा भाई मुकेश (15) 27 मार्च को शारदा तट पर सेल्फी लेते वक्त नदी में डूब गए थे। इससे पांच दिन पहले बूम घाट पर अलीगढ़ निवासी अभिषेक (18) पुत्र बाबू लाल भी नहाते वक्त डूबा था। इन घटनाओं के बाद से एसडीआरएफ और जल पुलिस के तैराक लगातार खोज में जुटे हैं।
शनिवार सुबह छोटे भाई मुकेश का शव बूम घाट पर तो बड़े भाई राजू का शव बूम से ऊपर ठुलीगाड़ के पास उतराता मिला। एसएसआई बीएस बिष्ट ने बताया कि परिजनों के शिनाख्त के बाद दोनों शव पोस्टमार्टम कराकर उन्हें सौंप दिए हैं जबकि अभिषेक की तलाश जारी है।
महोत्सव में अराजकता करने वालों पर होगी कार्रवाई
थल (पिथौरागढ़)। थानाध्यक्ष योगेश कुमार ने मंदिर कमेटी और व्यापारियों के साथ बैठक कर थल महोत्सव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने पर चर्चा की। उन्होंने महोत्सव के दौरान शांति, कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। कहा कि महोत्सव के दौरान अराजक तत्वों, शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।