टनकपुर के जीजीआईसी परीक्षा केंद्र में छात्राओं की थर्मल स्कैनिंग करते शिक्षक
- फोटो : AMAR UJALA
टनकपुर (चंपावत)। कोरोना और लॉकडाउन के कारण स्थगित हुई हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के शेष बचे विषयों की परीक्षा शुरू हो गई है। परीक्षा केंद्रों में कोरोना संक्रमण से सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है।
परीक्षाथियों की थर्मल स्क्रीनिंग से जांच और हाथों को सैनिटाइज करानेे के बाद केंद्र में प्रवेश दिया गया। वहीं सामाजिक दूरी का पालन कराते हुए बैठने की व्यवस्था की गई है। सोमवार को मुंह में मास्क लगाकर छात्र-छात्राएं कोरोना टेस्ट की जांच के कारण परीक्षा से एक घंटे पहले दोपहर दो बजे से परीक्षा केंद्रों में पहुंचने शुरू हो गए थे। दोपहर तीन बजे से जीव विज्ञान की परीक्षा शुरू हुई, जो शांतिपूर्ण निपटी। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस का पहरा रहा।
---:::: हाईस्कूल के कई छात्र भी पहुंचे परीक्षा देने ::: टनकपुर। हाईस्कूल के कई छात्रों को परीक्षा की तिथि की जानकारी तक नहीं है। सोमवार को इंटर जीव विज्ञान का पेपर था, लेकिन हाईस्कूल के कई छात्र तैयारी के साथ गणित का पेपर देने जीआईसी परीक्षा केंद्र में पहुंच गए। जिन्हें केंद्र व्यवस्थापक द्वारा वापस लौटाया गया। हाईस्कूल गणित का पेपर मंगलवार को है। जीजीआईसी की प्रधानाचार्या अनुराध दुबे ने बताया कि कोरोना परीक्षण के लिए परीक्षार्थियों को परीक्षा से एक घंटे पहले परीक्षा केंद्रों में पहुंचने को कहा गया है।