चंपावत में एसबीआई आरसेटी की ओर से आयोजित प्रशिक्षण लेतीं अभ्यर्थी। संवाद
चंपावत। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की सदस्य महिलाओं को बैंक सखी का छह दिनी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एसबीआई के मुख्य शाखा प्रबंधक ऋषि चरण और संस्थान के निदेशक प्रांशु मैठानी ने इस शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बैंक सखी घर पर ही डिजिटल लेनदेन कर सकेंगी। प्रशिक्षण में जिले के चारों विकासखंडों की कुल 24 महिलाएं प्रतिभाग कर रहीं हैं। इनका माइक्रो लैब के माध्यम से एक-दूसरे से परिचय कराया गया। प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न खेलों और वीडियो क्लीपिंग के माध्यम से बैंकिंग सिखाई गई। बताया गया कि छह दिनी प्रशिक्षण में बैंक संबंधी योजनाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी। संस्थान के फैकल्टी प्रकाश चंद्र और विजय सिंह लडवाल ने प्रतिभागियों का पंजीकरण किया। प्रशिक्षण में राजेश पंत, महेंद्र सिंह पटवा, छवि दत्त पांडेय आदि सहयोग कर रहे हैं।