चंपावत में नदी में डाला जा रहा है आलवेदर रोड कटिंग का मलबा
- फोटो : AMAR UJALA
संवाद न्यूज एजेंसी
चंपावत। जिले में बारहमासी रोड कटिंग का मलबा नदी में डालने से वर्षाकाल में गांव को खतरा बन रहा है। जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्र बेलखेत में बारहमासी रोड के डेंजर जोन में इन दिनों सड़क कटिंग का काम चल रहा है। डेंजर जोन होने के कारण कटिंग के मलबे का निस्तारण अन्यत्र न कर सीधे नीचे लधिया नदी के किनारे डाला जा रहा है, जिससे वर्षाकाल में गांव को खतरा होने की आशंका बनी हुई है। जिस स्थान पर कटिंग हो रही है, उसके सामने ही करीब 1200 की आबादी का बेलखेत गांव है। गांव में ही सैकड़ों हेक्टेयर कृषि जमीन है। प्रकाश चंद्र, देवी दत्त, सोबन सिंह आदि ग्रामीणों का कहना है कि रोड के निर्माण से जिले का विकास तो होगा, मगर मलबा नदी किनारे से नहीं हटाया गया तो बरसात में नदी के उफानाने पर भू कटाव के साथ उनकी जमीन के साथ ही पूरे गांव पर खतरा हो सकता है। ग्रामीण इस संबंध में जिला प्रशासन को पहले भी पत्र के माध्यम से अवगत करा चुके हैं। ग्रामीणों ने कहा कि अगर इसकी सुध नही ली गई, तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे। इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता एलडी मथेला का कहना है कि कार्यदाई कंपनी को मलबे के नियमों के तहत निस्तारण के निर्देश दिए हैं। ऐसा नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सतीश जोशी