बदहाल पड़ा छमनियां झूमाधूरी शहीद प्रकाश सिंह मोटर मार्ग।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। छमनियां से पाटनगांव झूमाधूरी मेला स्थल लिंक मार्ग तक बना शहीद लांसनायक प्रकाश सिंह मोटर मार्ग बदहाल पड़ा हुआ है। ऊबड़ खाबड़ मोटर मार्ग पर वाहन चालक जान जोखिम में डालकर आवागमन करने के लिए मजबूर हैं। ग्रामीणों ने लोनिवि के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मोटर मार्ग पर डामरीकरण करने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब तीन वर्ष पहले लोनिवि की ओर से शहीद लांसनायक प्रकाश सिंह के नाम से छमनियां से पाटनगांव झूमाधूरी मेला स्थल तक एक किमी मोटर मार्ग का निर्माण किया था। तब से इस मोटर मार्ग की कोई सुध नहीं ली जा रही है। चट्टान से गिरा मलबा आधे मोटर मार्ग तक पहुंच चुका है। साथ ही मोटर मार्ग किनारे नालियां तक नहीं हैं जिससे वाहन चालकों को आवाजाही में काफी परेशानी होती है।
लोगों का कहना है कि छमनियां से पिथौरागढ़ एनएच पर जाने के लिए यह काफी शॉर्टकट रास्ता है। यहां से काफी लोग आवाजाही करते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि लोनिवि ने इस मार्ग पर शहीद के नाम का बोर्ड लगाकर खानापूर्ति कर दी है जो शहीद का भी अपमान है।
पूर्व में मोटर मार्ग पर डामरीकरण किया गया था। करीब 200 मीटर मार्ग पर डामर उखड़ा हुआ है। मौसम अनुकूल होने पर मरम्मत का कार्य करा दिया जाएगा। -बीसी भंडारी, ईई लोनिवि लोहाघाट।