टनकपुर (चंपावत)। धूरा के गजार क्षेत्र में दो माह पूर्व भी तेंदुए ने एक महिला पर हमला कर घायल कर दिया था जिसमें महिला बाल-बाल बच गई थी। रविवार को हुई तेंदुए के हमले की घटना से मृतका के घर में कोहराम मचा हुआ है।
बताया गया कि चंद्रावती के पति पुरोहित हैं और उनकी दो बेटियों में एक एमएससी की पढ़ाई कर रही है जबकि दूसरी बेटी टनकपुर में सिलाई-कढ़ाई का काम कर रही है। दो बेटों में एक स्नातक की पढ़ाई कर रहा है और दूसरे बेटे ने इस साल 12वी कक्षा पास की है।
तेंदुए के हमले की इस घटना से धूरा क्षेत्र में तेंदुए का खौफ पैदा हो गया है। धूरा के ग्राम प्रधान कमल किशोर, भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन भट्ट, घनश्याम, महेश चंद्र आदि लोगों ने वन विभाग ने हमलावर तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है।
मृतका के परिजनों को मिलेगा चार लाख मुआवजा
टनकपुर। सरकार की ओर से पूर्व में हुई घोषणा के तहत मुआवजा मिला तो तेंदुए के हमले से मृत महिला के परिवार को वन विभाग की ओर से छह लाख रुपये मुआवजा मिलेगा।
वर्ष 2017 में सरकार ने वन्यजीवों के हमले से मृत लोगों के परिजनों को छह लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की थी लेकिन तब सरकार ने शासनादेश जारी नहीं किया था। इससे पूर्व ऐसे मामलों में सरकार की ओर से चार लाख रुपये मुआवजे का प्रावधान है।
अगर नया शासनादेश लागू नहीं हुआ है तो पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये का मुआवजा मिलेगा। वन क्षेत्राधिकारी गुलजार हुसैन ने बताया कि वर्तमान में विभाग की ओर से ऐसे मामलों में चार लाख रुपये मुआवजे का प्रावधान है।