चंपावत। शहर के पास के जूप क्षेत्र में एक गोशाला आग की चपेट में आ गई। आग लगने से गोशाला में बंधे दो मवेशियों की जलकर मौत हो गई। आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों ने गोशाला स्वामी को मुआवजा देने का प्रशासन से आग्रह किया है।
जूप क्षेत्र में दीपा देवी की गोशाला में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग से गोशाला में बंधी गाय और बछड़े की जलकर मौत हो गई। जूप क्षेत्र निवासी भाजपा नेता रमेश भंडारी ने बताया कि आसपास के लोगों के अलावा अग्निशमन की टीम ने भी आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ देर में कोतवाल योगेश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची लेकिन सभी प्रयास विफल रहे।
घास और लकड़ी से बनी गोशाला कुछ ही मिनट में धूधू कर जल गई। विनोद पटवा, भुवन सिंह बिष्ट, नरेंद्र पटवा, नर सिंह आदि ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने का प्रशासन से आग्रह किया है। नगर पालिका अध्यक्ष विजय वर्मा ने भी मौका मुआयना कर पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।