पशुपालन विभाग में नियुक्ति की मांग को लेकर पशुपालन सचिव को ज्ञापन सौंपते प्रशिक्षित पशु मित्र।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। प्रशिक्षित पशु मित्रों ने नियुक्ति की मांग को लेकर पशुपालन और डेयरी सचिव को ज्ञापन दिया। उन्होंने नियुक्ति जल्द नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
लोहाघाट ग्रोथ सेंटर में आए पशुपालन सचिव डॉ.बीबीआरसी पुरुषोत्तम को प्रशिक्षण प्राप्त पंकज कुमार आर्य के नेतृत्व में बुधवार को पशु मित्रों ने ज्ञापन सौंपा। कहा कि विगत वर्ष आरसेटी की ओर से आयोजित प्रशिक्षण शिविर में जिले के 30 युवाओं ने दो माह का प्रशिक्षण लिया था जिसमें पशुओं का प्राथमिक उपचार, कृत्रिम गर्भाधान और टीकाकरण से संबंधित सामान्य जानकारी पशु चिकित्सकों ने दी।
प्रशिक्षण के समय सभी प्रतिभागियों को जिले के दूर-दराज क्षेत्रों में खाली पड़े पदों पर नियत मानदेय के आधार पर नियुक्त करने का आश्वासन भी दिया लेकिन प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सभी पशु मित्र बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं। उन्होंने सचिव से पशुपालन विभाग में संविदा के तौर पर जल्द नियुक्ति की मांग उठाई। इस मौके पर भूमिका पुजारी, माया पुनेठा, गिरीश सिंह फर्त्याल, सुुनील सिंह फर्त्याल, मीना देवी, गिरीश ढेक, गीता माहरा, हिमांशु तिवारी आदि मौजूद थे।