चंपावत। जिले में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित 16 आंगनबाड़ी केंद्रों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। विभाग की ओर से चयनित इन आंगनबाड़ी केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए जिला योजना में 25 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी आरपी सिंह के अनुसार पाटी विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र सिरतोली, बाजगांव, पाटी, सिब्योली, बिनवालगांव, गरसाड़ी में 11 लाख रुपये से फर्श मरम्मत, टाइल्स, छत और दीवार मरम्मत, खिड़की-दरवाजों की मरम्मत और रंगरोगन का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा लोहाघाट ब्लाॅक के जमरसौं, मौड़ा, सेलपेडू और हरखेड़ा आंगनबाड़ी केंद्रों में पांच लाख रुपये से और चंपावत विकासखंड में सिमल्टा, दुबडजैनल, दियूरी आंगनबाड़ी केंद्रों में चार लाख रुपये से और अनुसूचित जाति बहुल नरसिंहडांडा, पढालना और बिंडातिवारी आंगनबाड़ी केंद्रों के आधुनिकीकरण के लिए जिला योजना में पांच लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। जिले में 540 आंगनबाड़ी केंद्रों में 17 हजार से अधिक बच्चे पंजीकृत हैं।
लोहाघाट स्थित आंबेडकर छात्रावास की दूर होगी पेयजल किल्लत
चंपावत। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित लोहाघाट स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास की क्षतिग्रस्त पेयजल योजना और चहारदीवारी की मरम्मत की जाएगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी आरएस सामंत ने बताया कि पेयजल योजना के साथ छात्रावास के मुख्य भवन के प्रवेश द्वार का उच्चीकरण सहित अन्य कार्य किए जाएंगे। इसके लिए जिला योजना में छह लाख रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। इस छात्रावास में फिलहाल 48 छात्र रह रहे हैं। संवाद