चंपावत। दूरस्थ ग्राम पंचायत दुधौरी के आंगनबाड़ी केंद्र में बुधवार को आंगन मिलन उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। बुधवार को ग्राम प्रधान आशा आर्या की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम गर्भवती महिलाओं की गोदभराई के साथ बालिका जन्मोत्सव भी मनाया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विमला आर्या ने उपस्थित लोगों को नंदा गौरा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महालक्ष्मी किट समेत विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर रीतू देवी, उमा आर्या, रेखा बिष्ट समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।