टनकपुर संयुक्त चिकित्सालय को मिली जीवन रक्षक एंबुलेंस।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर, बनबसा के लोगों को अब समय रहते इलाज मिल सकेगा। इसके लिए संयुक्त अस्पताल को ढाई साल बाद अब बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस मिल गई है। इससे गंभीर मरीजों को अब इस जीवनरक्षक एंबुलेंस से हायर सेंटर भेजने में मदद मिलेगी। संयुक्त चिकित्सालय पर करीब 70 हजार की आबादी के इलाज का जिम्मा है, लेकिन डॉक्टर और संसाधनों की कमी से व्यवस्था बदहाल है। विधायक कैलाश गहतोड़ी के प्रयासों से मिली एंबुलेंस बृहस्पतिवार को यह एंबुलेंस जिले से अस्पताल को आवंटित की गई है। यह एंबुलेंस खरीदने के लिए ढाई साल पहले बीएडीपी मद से 25 लाख रुपये का बजट मंजूर किया गया था। सीएमएस डॉ. एचएस हयांकी ने बताया कि इससे गंभीर मरीज को एसटीएच हल्द्वानी या दूसरे उच्च केंद्र पर समय रहते भेजा जा सकता है। एंबुलेंस मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी है। इसके लिए उन्होंने क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी का आभार जताया है। इनमें नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, शिवराज सिंह कठायत, रोहिताश अग्रवाल, हरीश हैसियत, संजीव आर्य, विद्या जुकरिया आदि थे।