पाटी में इमारतों को सेनेटाइज करती पुलिस।
- फोटो : AMAR UJALA
अमर उजाला ब्यूरो
चंपावत। चंपावत जिले के लिए राहत भरी खबर है। सात सैंपल की शनिवार को मिली जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। इस तरह चंपावत जिले की अब तक की सभी 23 कोरोना परीक्षण की जांच निगेटिव है। जिले में कोरोना संक्रमित एक भी व्यक्ति नहीं मिलने से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के हौंसले बुलंद है। साथ ही उसकी ओर से एहतियातन तैयारियों को और तेज किया जा रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरपी खंडूरी ने बताया कि जिले में अब तक कुल 23 लोगों की कोरोना जांच की गई है। ये सभी रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं चंपावत जिले में आइसोलेशन में रखे गए तीन लोगों में से दो को होम क्वारंटीन में भेज दिया गया है। वैसे जिले में अब कुल 133 लोग संस्थागत क्वारंटीन किए गए हैं। इसके अलावा 3816 लोग होम क्वारंटीन हैं।
डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय का कहना है कि होम क्वारंटीन किए गए लोगों पर ग्राम स्तर पर गठित टीमें निगरानी कर रही हैं। वहीं पाटी क्षेत्र में पुलिस ने कई इमारतों को सैनिटाइज किया है।
इनसेट- दो वेंटिलेटरों का हुआ शुभारंभ :: चंपावत। टनकपुर संयुक्त अस्पताल में शनिवार को दो वेंटिलेटर का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। विधायक निधि से मिले इन वेंटिलेटरों का चंपावत के विधायक कैलाश गहतोड़ी ने औपचारिक आगाज किया। बता दें कि इससे पूर्व दो वेंटिलेटर चंपावत जिला अस्पताल को मिले थे।