चंपावत। जिले में टोमेटो फ्लू के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अभिभावकों से बच्चों को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की है।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजू नाथ ने बताया कि टोमेटो फ्लू (हैंड, फुट एंड माउथ डिजीज) बीमारी में बच्चों को बुखार, शरीर पर लाल चकत्ते, हाथ, पैर और मुंह में फफोले जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। ऐसे बच्चों को तुरंत आइसोलेट किया जाए ताकि संक्रमण का प्रसार रोका जा सके। उन्होंने बताया कि यह बीमारी मुख्य रूप से एक से नौ वर्ष की आयु के बच्चों को प्रभावित करती है। सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि जिले के सभी सरकारी, निजी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और पैथोलॉजी लैबों को इस बीमारी के लक्षणों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को ओपीडी में चकत्तों, बुखार से ग्रसित मरीजों की विशेष निगरानी रखने को कहा है। उन्होंने आरबीएसके टीम, सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से टोमेटो फ्लू के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
-
सावधानी और सलाह
बच्चों में बुखार या दाने दिखने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें।
संक्रमित बच्चों को घर पर रखें, उन्हें स्कूल या सार्वजनिक स्थानों पर न भेजें।
बच्चों को स्वच्छता बार-बार हाथ धोने की आदत डालें।
संक्रमित वस्तुओं, खिलौनों और कपड़ों को अन्य बच्चों से दूर रखें।