टनकपुर में एसडीएम दयानंद सरस्वती को ज्ञापन सौंपते डांडा के ग्रामीण
- फोटो : AMAR UJALA
संवाद न्यूज एजेंसी, टनकपुर (चंपावत)। प्रधानमंत्री सड़क योजना में स्वीकृत टकनागूंठ-डांडा मल्ला सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण मुखर होने लगे हैं। शुक्रवार को उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज जल्द सड़क का निर्माण कराने की मांग उठाई है। मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्राम पंचायत डांडा मल्ला के प्रधान भगवान सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसडीएम दयानंद सरस्वती को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कहा कि टकनागूंठ-डांडा मल्ला रोड पीएमजीएसवाई के तहत 2015-16 में स्वीकृत है। एक साल पहले टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, लेकिन निर्माण अब तक शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि सड़क के दायरे में आने वाली 80 प्रतिशत भूमि नाप व सिविल है, जबकि 20 प्रतिशत वन भूमि हल्द्वानी वन प्रभाग की है। कटिंग के लिए पेड़ों की गिनती व सर्वे कई बार हो चुका है। डांडा मल्ला, ककनई, बुंगा दुर्गा पीपल क्षेत्र के लोग लंबे समय से सड़क सुविधा का सपना देख रहे हैं, लेकिन उनका यह सपना पूरा नहीं हो पा रहा है। सड़क के अभाव में लोग 15 किमी पैदल चलने की परेशानी झेल रहे हैं। बीमार और गर्भवती महिलाओं को सबसे अधिक कष्ट उठाना पड़ता है। उन्होंने आगाह किया है कि सड़क का निर्माण शीघ्र शुरू नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन की राह पकड़ने को बाध्य होंगे। ज्ञापन देने वालों में ब्यानधूरा सेवा समिति के अध्यक्ष शंकर जोशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष पूरन महरा, ककनई की प्रधान गीता महरा, पवन महरा, बीडीसी सदस्य अनीता महरा, हरीश राम, गीता रावत, दीपिका रावत, भूप सिंह, विक्रम सिंह आदि शामिल थे।