पिथौरागढ़। जिले में एक युवती ने पैरासिटामोल की 28 गोलियां निगल दीं। वहीं विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, बीते बृहस्पतिवार को मुनस्यारी क्षेत्र की 23 वर्षीय युवती ने अज्ञात कारणों से एक साथ पैरासिटामोल की 28 गोलियां निगल लीं। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहीं झूलाघाट क्षेत्र के एक गांव में 24 वर्षीय महिला ने पीने के लिए गिलास में पानी रखा था। इसी बीच उसके बेटे ने अनजाने में गेहूं के कट्टे में रखे में सल्फास की गोली गिलास में डाल दी। महिला ने सल्फास मिला पानी गटक लिया तो उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। पीएमएस डॉ. डीपी सिंह ने बताया कि दोनों का इलाज चल रहा है। दोनों की हालत खतरे से बाहर है।