चंपावत जिले के टनकपुर नगर के ककराली गेट के पास वन निगम डिपो परिसर में पहाड़ से आई जड़ी बूटी को वाहन से उतारते समय अचानक एक बंदर ने श्रमिकों पर हमला कर दिया। इससे श्रमिकों में अफरातफरी मच गई। बंदर ने एक श्रमिक के हाथ में काट दिया जिसका उप जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज किया गया।
अस्पताल में घायल यूपी के जिला पीलीभीत के न्यूरिया निवासी सज्जाद हुसैन (55) ने बताया कि वह सोमवार सुबह वन निगम डिपो परिसर में पहाड़ से आई जड़ीबूटी को वाहन से 7-8 अन्य साथियों के साथ उतार रहा था। इस बीच उस पर अचानक कहीं से आए एक बंदर ने हमला कर गहरे दांत लगा दिए। इस हमले में उसके हाथ में गहरा घाव कर दिया। इससे कुछ देर तक अफरातफरी मच गई। शोर मचाकर बमुश्किल कटखने बंदर को भगाया जा सका। डाॅ. मानवेंद्र शुक्ला ने घायल का प्राथमिक इलाज किया।