बनबसा (चंपावत)। हुड्डी नदी पार करते समय हेलागोठ निवासी एक अधेड़ महिला के बहने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर हेलागोठ के ग्रामीण महिला की खोजबीन में जुटे रहे। समाचार लिखे जाने तक महिला का कोई पता नहीं चल पाया।
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों के मुताबिक चंदनी ग्रामसभा अंतर्गत हेलागोठ निवासी शांति देवी (55) पत्नी मोहन सिंह देर सायं नदी पर कर गांव जा रही थी। वह पानी के तेज बहाव बह गई। हेलागोठ निवासी हरीश सिंह तड़ागी ने बताया कि महिला के बहने की सूचना पर ग्रामीणों में खलबली मच गई। वे महिला की तलाश में जुटे रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया है। थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जगवाण ने बताया कि इस संबंध में किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी है। वे तत्काल मय टीम मौके पर पहुंचे लेकिन अंधेरा होने से महिला की तलाश में दिक्कतें आईं।