टनकपुर (चंपावत)। बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन केंद्र राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में लगा एक सीसी टीवी कैमरा चोरों ने उड़ा लिया। प्रधानाचार्या अनुराधा दुबे की सूचना पर पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर चोर की तलाश शुरू कर दी है। प्रधानाचार्या ने बताया कि करीब 15 दिन पहले ही विद्यालय में पांच सीसी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें से एफसीआई से स्टेडियम मार्ग की छोर में लगाया गया एक कैमरा चुरा लिया गया है। सीसी कैमरों के कंट्रोल रिकार्ड के मुताबिक चोरी हुए कैमरे की अपडेट 18 फरवरी की शाम करीब छह बजे तक दर्ज है। इससे अनुमान है कि शाम छह बजे बाद ही कैमरा चुराया गया हैं। सूचना पर महिला पुलिस अधिकारी नीशू गौतम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। कोतवाल चंद्रमोहन सिंह का कहना है कि पुलिस विद्यालय के अन्य सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोर का सुराग लगाने में जुट गई है।