टनकपुर (चंपावत)। ड्राइविंग लाइसेंस बनाने को आवेदन करने के लिए अब परिवहन विभाग दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इसके लिए विभाग 22 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन स्वीकार करने की सुविधा लागू कर रहा है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रश्मि भट्ट ने बताया कि आवेदकों द्वारा जरूरी प्रमाण पत्रों के साथ ऑनलाइन आवेदन जमा करना होगा। आवेदन एवं प्रमाणपत्रों की जांच के बाद विभाग द्वारा आवेदक को तिथि जारी की जाएगी और उस तिथि में आवेदक को कार्यालय में आकर अपने प्रमाण पत्रों की जांच कराकर लाइसेंस के लिए आगे की कार्रवाई पूरी करनी होगी। उन्होंने बताया कि इस सुविधा से आवेदक को लाइसेंस के लिए सिर्फ एक बार विभाग के दफ्तर में आना होगा।