चंपावत के बालेश्वर मंदिर परिसर में लगी प्रदर्शनी को देखते उदयन इंटरनेशनल स्कूल के बच्चे। संवाद
- फोटो : CHAMPAWAT
चंपावत। राज्य स्थापना दिवस के मौके पर जिला मुख्यालय के प्रसिद्ध बालेश्वर मंदिर समूह में पुरातत्व विभाग की ओर से फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी में उत्तराखंड की 43 धरोहरों और पुरातात्विक स्मारकों का दीदार कराया गया।
बुधवार को पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा ने बालेश्वर मंदिर में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। देहरादून से आए पुरातत्वविदों ने स्थानीय लोगों और स्कूली छात्र-छात्राओं को फोटो प्रदर्शनी का दीदार कराया। पुरातत्व विभाग के अधीक्षण पुरातत्वविद मनोज कुमार सक्सेना ने बताया कि बालेश्वर मंदिर में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें पुरातत्व विभाग की ओर से प्रदेश में संरक्षित 43 पुरातात्विक स्मारकों की फोटो और उनसे संबंधित जानकारी लोगों को दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस मौके पर पूर्वजों के समय के नौलों, धारों, मंदिर समूहों, धार्मिक धरोहरों को भी लोग संरक्षण के लिए विभाग को सौंप सकते हैं। इसके लिए रजिस्ट्रेशन निशुल्क रहेगा। उन्होंने बताया कि तांबे की मूर्तियां, ताम्रपत्र समेत किसी भी प्रकार की धरोहरों को इसमें शामिल किया जा सकता है। इस मौके पर राम किशोर, मनोज कुमार, पाल सिंह राणा, नीरज मैथानी, शुभम कण आदि मौजूद रहे।