बनबसा (चंपावत)। क्षेत्र में जगह जगह पॉलिथीन के कूड़े के ढेर लगे होने से पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है। इससे मवेशियों के साथ जंगली जानवरों को भी नुकसान हो रहा है। इसके दुष्प्रभावों को देखते हुए लोगों ने पॉलिथीन बनाने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि न्यायालय के निर्देश के बाद भी पॉलिथीन पर पूरी तरह प्रतिबंध नहीं लग पाया है। प्रशासन और नगर पंचायत द्वारा कई बार छापे मारे जाने के बाद भी नगर में इसकी बिक्री थम नही पाई है। गौरव सेनानी कल्याण समिति अध्यक्ष कै. भानी चंद ने पॉलिथीन की बिक्री और इसके प्रयोग पर रोक लगाने के साथ ही कंपनियों से ही पालीथीन बनाने पर रोक लगाने की मांग उठाई है। पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय अग्रवाल, परमजीत सिंह गांधी, उपाध्यक्ष पवन अग्रवाल, एलायंस क्लब पूर्व अध्यक्ष राज सिंह भदौरिया, अरुण सोरड़ी आदि ने सरकार से पॉलिथीन के निर्माण को ही बंद करने की मांग की है। नगर पंचायत के ईओ नोनीराम ने बताया कि शीघ्र ही प्रशासन के सहयोग से पॉलिथीन बंद करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। ब्यूरो