संवाद न्यूज एजेंसी, टनकपुर (चंपावत)। लॉकडाउन में यहां राहत शिविरों में फंसे उत्तर प्रदेश के 407 प्रवासियों को राहत शिविरों से बुधवार को घरों के लिए रवाना कर दिया गया है। तहसीलदार खुशबू पांडे ने बताया कि उप्र के प्रवासियों को वहां के प्रशासन से वार्ता के बाद रोडवेज की बसों से रवाना किया गया है। पहाड़ के विभिन्न क्षेत्रों से आए इन मजदूरों को यहां राहत शिविर में ठहराया गया था। तहसीलदार ने बताया कि शारदा खनन में काम कर रहे यूपी के खनन श्रमिकों को भी घर भेजने की तैयारी की जा रही है। बता दें कि 31 मई को शारदा खनन बंद हो जाएगा जिसके बाद श्रमिक अपने घरों को जाएंगे।