दूर से पानी ढो रहे पाटी के 40 परिवार
पाटी (चंपावत)। पाटी में करीब 40 परिवारों को पांच माह से पानी नहीं मिल रहा है। पेयजल लाइन में पांच महीनों से पानी की एक बूंद भी नहीं टपक रही है। लोग एक और जहां अभी भी बारिश के पानी का प्रयोग बर्तन कपड़े धोने के लिए कर रहे है, वहीं दूसरी ओर पीने के पानी के लिए दो किमी दूर जौलामेल से पानी लाने को मजबूर हैं। पाटी में मष्टा मंदिर कॉलोनी, स्टेट बैक, स्टेशन चौराहा, शास्त्री मार्केट के लोग पेयजल की किल्लत से जूझ रहे हैं। इन इलाकों में नलों से पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। नीरज पचौली, शेखर दत्त, निर्मला देवी, जीवानंद पचौली, चंद्रा लडवाल, बबीता बोहरा, अमित लडवाल, संजय फर्त्याल आदि का कहना है कि मामूली खामी को जल संस्थान दूर नहीं कर पा रहा है। उन्होंने जल संस्थान से वितरण प्रणाली भी सुधारने की मांग की है। इधर जल संस्थान के कनिष्ठ अभियंता चंद्रशेखर पंत का कहना है कि खामी को जल्द दूर किया जाएगा।