फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्वांला के पास सड़क का 30 मीटर हिस्सा बहा

विज्ञापन
टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वांला के पास गायब 30 मीटर सड़क। संवाद न्यूज एजेंसी - फोटो : CHAMPAWAT
विज्ञापन
चंपावत। जिले में शुक्रवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण टनकपुर चंपावत एनएच पर स्थित स्वांला के पास सड़क का 30 मीटर हिस्सा पूरी तरह बह गया है इससे राजमार्ग पर यातायात ठप हो गया है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के 14 मोटर मार्ग मलबा आने से बंद हो गए हैं। सड़कों को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है लेकिन लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण सड़कों को खोलने में दिक्कतें आ रही हैं।
विज्ञापन

बारिश से शुक्रवार रात करीब सवा नौ बजे के बाद एनएच पर स्वांला के पास करीब 30 मीटर से अधिक लंबाई की सड़क पूरी तरह से बह गई है जिसे दुरुस्त करने में काफी समय लगेगा। सड़क निर्माण संस्थाओं के अधिकारियों, कर्मचारियों की ओर से पूरी मशीनरी एवं मैन पावर के साथ मार्ग खोलने का कार्य सुरक्षात्मक तरीके से किया जा रहा है।
इसके अलावा चल्थी, मुडियानी और पुल्ला में पेड़ों के गिरने से विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं जिनकी मरम्मत शुरू कर दी गई है। डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि जिले में पेयजल की व्यवस्था सुचारु है। कुछ स्थानों पर पानी की आंशिक समस्या है जो शीघ्र ही ठीक कर ली जाएगी। मैदानी क्षेत्रों बनबसा, छीनीगोठ, मनिहारगोठ में पेड़ गिरे हैं जिन्हें हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
विज्ञापन

मौके पर पुलिस, फायर सर्विस, प्रशासन की पूरी टीम मशीनरी के साथ मौजूद है। डीएम ने टनकपुर बनबसा क्षेत्रों में जल भराव की समस्या के निदान के लिए आवश्यक व्यवस्था के निर्देश संबंधित विभागों को दिए हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जल भराव या मलबे से हुए नुकसान के बारे में भी जानकारी देने के निर्देश राजस्व, कृषि, उद्यान आदि विभागों को दिए हैं।
चंपावत जिले की बंद 14 ग्रामीण सड़कें
चंपावत-मंच-तामली, ककरालीगेट-ठुलीगाड़-भैरव मंदिर, पुनावे-सिप्टी-न्याड़ी, धूनाघाट-भिंगराड़ा, लोहाघाट-पंचेश्वर, कामाज्यूला-भनार, धौन-बड़ोली, स्याला-पोथ, चल्थी-नौलापानी, रौसाल-डूंगराबोरा-चकसिलकोट, डूंगराबोरा-कायल-मटियानी, बगौटी-डूंगरालेटी, बलूटा-पासम और बांकू-सुल्ला पासम।
चंपावत जिले में हुई बारिश
चंपावत : 70 मिलीमीटर
लोहाघाट : 26 मिलीमीटर
पाटी : 24 मिलीमीटर
बनबसा : 137 मिलीमीटर
स्वांला के पास सड़क बहने से रोडवेज सेवा ठप
लोहाघाट (चंपावत)। स्वांला के पास सड़क के बहने से रोडवेज सेवा पर जबर्दस्त असर पड़ा। शनिवार को रोडवेज की लोहाघाट से हल्द्वानी के लिए एक भी बस नहीं चली। एजीएम नरेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि लोहाघाट डिपो की रोडवेज की 13 बसें टनकपुर में फंसी हैं। इसमें दिल्ली से आ रही चार बसें, देहरादून से आ रही तीन, बरेली से आ रही दो बसों के अलावा नैनीताल, हल्द्वानी, ऋषिकेश और गुरुग्राम से आ रही एक-एक बस शामिल हैं। पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों को जाने वाली दो बसों को चंपावत में रोका गया है। बस सेवा बाधित होने से रोडवेज को दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
डीएम ने की अनावश्यक यात्रा करने से बचने की अपील
चंपावत। डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने लोगों से अनावश्यक यात्रा करने से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति के घर के आसपास किसी पहाड़ी, चट्टान से भूस्खलन हो रहा हो या होने की आशंका हो तो तुरंत ही पड़ोस या किसी अन्य घर में शरण लें और आपदा संभावित क्षेत्र में न जाएं। आपदा संबंधित सूचना से आपदा कंट्रोल रूम के नंबर 05965230819 या प्रशासन को दें। यदि यात्रा करना जरूरी हो तो वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। संवाद
पुलिया की निकासी बंद होने से मवेशियों को खतरा
चंपावत। एनएच पर बनलेख से चंपावत की तरफ छोटी पुलिया के पास डंपिंग जोन में अत्यधिक मात्रा में मिट्टी होने तथा पुलिया की निकासी बंद होने से बरसात का पानी भर गया है। पानी की निकासी न होने से इस स्थान पर स्थानीय लोगों के मवेशियों को खतरा उत्पन्न हो गया है। स्थानीय निवासी ललित मोहन भट्ट, चंद्रमणी जोशी, राम दत्त, खीमानंद, बलदेव आदि का कहना है कि इस स्थान पर बरसाती पानी की निकासी तत्काल कराने की आवश्यकता है ताकि स्थानीय लोगों के मवेशियों को खतरे से बचाया जा सके। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें