चंपावत। चंपावत कैंपस में अब छात्र-छात्राओं को प्राध्यापकों की कमी से परेशान नहीं होना पड़ेगा। पिछले कुछ समय से विभिन्न विषयों के प्राध्यापकों के पद रिक्त चल रहे थे। इससे छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा कैंपस में दो साल बाद गणित और अंग्रेजी विषय के प्राध्यापकों की तैनाती भी हो गई है। चंपावत कैंपस में एसएसजे विश्वविद्यालय अल्मोड़ा ने 29 प्राध्यापकाें की तैनाती कर दी है। 11 जुलाई को सभी को ज्वाॅइनिंग करनी है। प्राध्यापकों की नियुक्ति होने के बाद करीब 1400 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई आसान हो जाएगी। प्राध्यापक नहीं होने के कारण उनकी पढ़ाई मुश्किल होती थी।
छात्रसंघ अध्यक्ष, चंपावत कैंपस, मुकेश महर ने बताया कि चंपावत महाविद्यालय को कैंपस तो बना दिया, लेकिन प्राध्यापकों की नियुक्ति नहीं की गई। लगातार इसके लिए आंदोलन किए। प्राध्यापकों की नियुक्ति छात्रहितों की जीत है।
नोडल अधिकारी, डॉ नवीन भट्ट ने बताया कि एसएसजे विश्वविद्यालय अल्मोड़ा ने चंपावत कैंपस में 29 प्राध्यापकों की नियुक्ति कर दी है। प्राध्यापकों को 11 जुलाई को कैंपस में ज्वाॅइनिंग करनी है। कैंपस की अन्य समस्याओं का समाधान भी धीरे-धीरे किया जाएगा।