लोहाघाट (चंपावत)। नगर में लगने वाले जाम से लोगों को छुटकारा नहीं मिल रहा है। जाम के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को पिथौरागढ़ मार्ग पर जाम लगने के कारण काफी देर तक 108 आपातसेवा और खुशियों की सवारी भी फंसी रही। इससे उसमें सवार मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नगर के शिवालय मंदिर से लेकर पंचेश्वर टैक्सी स्टेंड और डाक बंगला रोड से लेकर हथरंगिया तक सुबह सात बजे से ही रुक-रुक कर जाम लगना शुरू हो जाता है। जाम के कारण निजी वाहनों से बच्चों को स्कूल छोडने वाले अभिभावकों को परेशानियां होती हैं, लंबे समय तक स्कूल बसें भी जाम में फंसी रहती हैं। इससे उन्हें समय से स्कूल पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के किनारे वाहनों को आड़े तिरछे खड़े करने, जगह जगह पर मालवाहक वाहनों पर सामान लोड करने और उतारने से भी जाम की समस्या पैदा हो रही है। लोगों ने जाम से निजात दिलाने की मांग की है।