टनकपुर (चंपावत)। एनएचपीसी पावर चैनल (नहर) के सिल्ट इजेक्टर के पास से लापता विचई (मनिहारगोठ) के किशोर अभिषेक गौरव का पांच दिन बाद भी पता नहीं चल सका है। उसके चैनल में डूबने की आशंका के चलते पुलिस का तैराक दल लगातार उसकी खोज में जुटा है। इधर, परिजन और रिश्तेदार भी अभिषेक की तलाश में दिन-रात चैनल के चक्कर लगा रहे हैं। विचई निवासी स्व. नरेश प्रसाद का 12 वर्षीय बेटा अभिषेक मंगलवार शाम दोस्तों के साथ साइकिल लेकर घर से खेलने गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। ढूंढ़खोज में सिल्ट इजेक्टर के पास पावर चैनल के तटबंध में उसकी साइकिल, कपड़े और चप्पल मिलने से उसके चैनल में डूबने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से पुलिस और स्थानीय तैराकों की टीम उसकी खोज में जुटी है। प्रभारी कोतवाल उप निरीक्षक दीवान सिंह जलाल ने बताया कि पांच दिन से पुलिस के तैराक दल उसकी खोज में जुटे हैं। सिल्ट इजेक्टर से पावर हाउस फोरवे तक चैनल में कांटा डालकर उसकी खोज की गई, लेकिन अब तक वह नहीं मिल पाया है।