बनबसा (चंपावत)। स्थानीय व्यापारियों ने भारत-नेपाल के बीच सीधी बस सेवा का विरोध किया है। सरकारी फैसला वापस न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। यहां शनिवार को हुई बैठक में व्यापार मंडल संरक्षक संजय अग्रवाल ने कहा कि पहले ही दोनों देशों के बीच चार बसें संचालित की जा रही हैं, जिससे व्यवसायी बेरोजगारी की कगार पर पहुंच गए हैं। अब सीधी बस सेवा शुरू होने से बनबसा का कारोबार दुष्प्रभावित होगा। व्यापारियों ने कहा कि सरकार ने अपना फैसला नहीं बदलेगी तो वे सरकार के खिलाफ आंदोलन कर उच्च न्यायालय की शरण भी लेने को मजबूर होंगे। व्यापार मंडल अध्यक्ष भरत भंडारी की अध्यक्षता में उपाध्यक्ष पवन अग्रवाल ने संचालन किया। बैठक में महामंत्री संजय पारिक, कोषाध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल, सियाराम गोयल, एसएन गोयल, तारा चंद्र अग्रवाल, देवकी नंदन जोशी, नवीन जोशी, शिवनारायण साहू, प्रेम सिंह रावत, दीपक रौतेला आदि थे।