टनकपुर (चंपावत)। विजन पब्लिक स्कूल में सोमवार को कार्यशाला हुई। इसमें बच्चों, अभिभावकों को मीजल्स, रुबेला बीमारी प्रति सचेत किया गया। टीकाकरण अभियान के दौरान 15 साल तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से टीका लगाने की अपील की गई। संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि मीजल्स, रुबेला संक्रामक बीमारी है, जिसके कारण शरीर में भीषण व्याधियां उत्पन्न हो सकती हैं। रुबेला से ग्रसित गर्भवती मां से उसके बच्चे को यह बीमारी हो सकती है। इससे बच्चे के शरीर के किसी भी अंग में विकृति हो सकती है। उन्होंने अभिभावकों से 11 सितंबर से शुरू हो रहे टीकाकरण अभियान में अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से टीका लगवाने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य नवलकिशोर तिवारी, प्रबंधक अजय देउपा आदि अभिभावक थे।