चंपावत। राष्ट्रीय जागरूकता अभियान मेरी पूंजी, मेरा अधिकार जिला स्तरीय जागरूकता शिविर में 14 खाता धारकों की 254.49 लाख की राशि सेटल की गई। शुक्रवार को जिला अग्रणी बैंक की ओर से शहर में आयोजित शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, एडीएम केएन गोस्वामी, सभासद छतार वार्ड प्रेमा चिलकोटी, क्षेत्रीय प्रबंधक पिथौरागढ़ कवि, मुख्य प्रबंधक एलएसबीसी राजेंद्र कुमार, आरसेटी निदेशक प्रांशु मैठानी ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक का 23 लाख से अधिक और खाता धारक भारती पांडे को दो लाख से अधिक का चेक दिया गया। एसबीआई ने सात, डीसीबी ने पांच, यूजीबी और एनबीएल ने 1-1 लाभार्थियों को दावे के चेक वितरित किए। लीड बैंक अधिकारी अमर सिंह ग्वाल ने बताया कि चंपावत में नौ करोड़ से अधिक की राशि का सेटलमेंट किया जाना है। यहां डीडीएम नाबार्ड स्वाती कार्की, अधिवक्ता गौरव पांडे, जर्नादन चिलकोटी आदि मौजूद रहे।