चंपावत। नेपाल सीमा से लगे तामली क्षेत्र में मार्च से अब तक 13 मवेशियों की बीमारी से मौत हो गई है। शुक्रवार को भी दो जानवरों ने दम तोड़ा। ये बीमारी क्या है, इसका पता नहीं चल सका है। परेशान ग्रामीणों ने पशुपालन विभाग से टीकाकरण सहित बचाव के उपाय करने की मांग की है।
यहां से 51 किलोमीटर दूर तामली क्षेत्र में एकाएक बीमारी फैलने से दुधारु पशुओं सहित कुल 13 जानवरों की मौत हो गई है। सामाजिक कार्यकर्ता भुवन जोशी का कहना है कि जानवरों के शरीर में दाने होने के कुछ दिन बाद वे कमजोर हो रही है और एक बार बैठने के बाद फिर उठ नहीं पा रहे हैं। दिनेश जोशी, पुष्कर सिंह, प्रकाश राम, शंकर राम, किशन राम, रमेश राम, बिशन दत्त, तान सिंह, रघुवर सिंह, गणेश सिंह, विमल जोशी और पुष्कर राम ने मुआवजा देने के अलावा रोग से बचाव के लिए टीकाकरण सहित सभी जरूरी कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग न तो इस क्षेत्र की सुध ले रहा है और नहीं चंपावत से पहले कोई पशुपालन अस्पताल है।
कोट
सोमवार को प्रभावित क्षेत्र में सल चिकित्सा टीम भेजी जाएगी। टीकाकरण के साथ ही दवा का वितरण किया जाएगा।
- डॉ. पीएस भंडारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी