लोहाघाट (चंपावत)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की भूमि खेतीखान में सेनानियों के नाम पर पुस्तकालय और वाचनालय भवन बनाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय लोग मुखर हो गए हैं। लोगों ने जिला पंचायत अध्यक्ष को ज्ञापन भेजकर खेतीखान में जिला पंचायत द्वारा बनाए गए मॉल की छत में पुस्तकालय व वाचनालय भवन बनाने की मांग की है। खेतीखान के सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद चिरंजीलाल वर्मा के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोगों की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी भेजे ज्ञापन में कहा गया है कि देश को आजादी दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले खेतीखान के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित हर्षदेव ओली, पंडित पूर्णानंद जोशी, पंडित दुर्गादत्त ओली, पंडित दयाराम ओली का नाम विस्मृत हो रहा है। पूर्व उप प्रमुख गोपाल मनराल, डॉ.एलडी ओली, कैलाश गड़कोटी, राजेश ओली, भैरवदत्त ओली आदि का कहना था कि खेतीखान में जिला पंचायत द्वारा बनाए गए मॉल की छत में सेनानियों के नाम पुस्तकालय और वाचनालय बनने से देश के लिए दी गई कुर्बानी को कई पीढ़ियों तक याद किया जाएगा।