बनबसा/चंपावत। प्रकाश पर्व के दौरान 25 अक्तूबर को बनबसा के फागपुर गांव में 11वां नागरिक पुस्तकालय खोला गया। जन सहयोग से खोले गए इस पुस्तकालय के जरिये क्षेत्र के युवाओं को पढ़ाई करने के लिए काफी सुविधा होगी। बुधवार को उपजिलाधिकारी हिमांशु कफल्टिया ने पुस्तकालय का शुभारंभ किया।
फागपुर से पहले टनकपुर तहसील, टनकपुर नगर पालिका, बनबसा, सल्ली, सूखीढांग, तलियाबांज, डांडा, बुड़म, ऊचौलीगोठ और छीनीगोठ में नागरिक पुस्तकालय स्थापित किए जा चुके हैं। ज्ञान का उजाला देने वाले इन मंदिरों की शुरुआत टनकपुर के एसडीएम और उत्तराखंड पीसीएस 2016 बैच के टॉपर हिमांशु कफल्टिया ने नवंबर 2020 में की थी। इस वक्त चंपावत जिले के विभिन्न इलाकों में 1335 छात्र-छात्राएं, युवा और ग्रामीण इन पुस्तकालयों से भविष्य की राह तैयार कर रहे हैं।
इन पुस्तकालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए एनसीईआरटी, सामान्य अध्ययन, विषयगत किताबों के अलावा साहित्य और प्रेरणा देने वाली पुस्तकें हैं। अब तक इन पुस्तकालयों का लाभ ले चुके सात छात्र-छात्राओं का चयन विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में हो चुका है। इनमें एक युवक आशु पंत ने इसी साल यूपीएससी की परीक्षा पास की है।
ग्रामप्रधान हर्ष बहादुर चंद की पहल पर एसडीएम ने फागपुर में पुस्तकालय स्थापित कराने में विशेष सहयोग दिया है। रिटायर्ड बीडीओ कैलाश विश्वकर्मा, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी भगवत पाटनी सहित कई लोगों ने इस पुस्तकालय में सहयोग किया है जबकि सामाजिक कार्यकर्ता अनिल चौधरी ने पुस्तकें जुटाने में मदद दी है। इस मौके पर ग्रामप्रधान की पत्नी सुनीता चंद, पूर्व प्रधान चंद्र प्रकाश, तनिष्का, संगीता रावल आदि थे।
कोट
किताब पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने के साथ संसाधन की कमी वाले युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मंच देना नागरिकों के सहयोग से चलने वाले इन पुस्तकालयों का असल उद्देश्य है। इसीलिए इन पुस्तकालयों के संचालन और देखरेख का जिम्मा भी खुद यहां पढ़ने वाले उठाते हैं। -हिमांशु कफल्टिया, एसडीएम, टनकपुर।