चंपावत। पाटी तहसील मुख्यालय के नागरिकों को पेयजल से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अब लोहाघाट अथवा जिला मुख्यालय चंपावत की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। सोमवार को पाटी तहसील मुख्यालय में जल संस्थान का कार्यालय का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। कार्यालय के शुभारंभ के मौके पर सहायक अभियंता प्रेमजी श्रीवास्तव, अपर सहायक अभियंता चंद्रशेखर पंत आदि ने बताया कि कार्यालय में कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है। गौरतलब है कि पाटी विकासखंड में जल संस्थान का कार्यालय नहीं होने के कारण पेयजल संबंधी शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए पेयजल उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब स्थानीय स्तर पर कार्यालय खुलने से उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है।