मोटर मार्ग की बदहाली पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की 101 साल की पत्नी को डोली के सहारे मुख्य मा
लोहाघाट (चंपावत)। विकास खंड बाराकोट के बदहाल सुतेड़ा-चांचड़ी मोटर मार्ग की शासन प्रशासन की ओर से कोई सुध न लेने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। बदहाल सड़क ठीक न होने से ग्रामीण बीमार बुजुर्गों, गर्भवतियों को डोली के सहारे मुख्य सड़क तक लाने को मजबूर हैं।
ग्रामीण कमल शर्मा, योगेश सिंह, कमल किशोर शर्मा, मदन सिंह, ललित मोहन पाठक, उमेश शर्मा आदि ने बताया कि शुक्रवार को सड़क सुविधा नहीं होने से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय हरी दत्त पाठक की 101 साल की पत्नी को पेंशन के लिए डोली के सहारे मुख्य सड़क तक लाया गया। उन्होंने कहा ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन हर साल सेनानी की पत्नी को सम्मान दे रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 15 साल पहले विधायक निधि से चांचड़ी-सुतेड़ा सड़क का निर्माण किया गया था।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब तीन साल पूर्व आपदा में सड़क का करीब 10 मीटर हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो गया। जिसका निरीक्षण ब्लाक के अधिकारियों और तहसीलदार ने भी किया। कई बार एसडीएम से भी सड़क मार्ग को ठीक करने की गुहार लगा दी है, लेकिन अब तक सड़क को ठीक नहीं किया गया है। उन्होंने जल्द सड़क को दूरुस्त न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।