गोपेश्वर। आपदा के दौरान तुरंत राहत बचाव कार्य और लोगों को सहायता मुहैया कराने के लिए स्थानीय युवाओं ने एलडीआरएफ (लोकल डिजास्टर रिलीफ फोर्स) आपदा मित्र नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। जहां भी भारी बारिश से मकान, शिक्षण संस्थाएं व अन्य सार्वजनिक जगहों पर क्षति पहुंच रही है, तो ये युवा ग्रुप के माध्यम से एक दूसरे को जानकारी देकर प्रभावित क्षेत्र में पहुंच रहे हैं, जिन लोगों के मकान और गोशालाएं खतरे की जद में हैं, ये युवा उन्हें बरसाती व तिरपाल दे रहे हैं।
व्यापार संघ अध्यक्ष अंकोला पुरोहित, छात्र नेता विपिन कंडारी और नगर पालिका सभासद नवल भट्ट की ओर से आपदा राहत, बचाव कार्य के लिए एलडीआरएफ आपदा मित्र नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। ग्रुप में 65 मेंबर जोड़े गए हैं। जब भी कहीं आपदा आती है तो ये ग्रुप मेंबर एक दूसरे को सूचना देते हैं और मौके पर मदद के लिए पहुंचते हैं। ग्रुप एडमिन व व्यापार संघ अध्यक्ष अंकोला पुरोहित ने बताया कि आपदा की दृष्टि से चमोली जिला जोन फाइव में है। भारी बारिश के दौरान कई जगहों पर भवन, अस्पताल परिसर, स्कूल परिसर खतरे की जद में आ जाते हैं। सरकारी मदद तत्काल नहीं मिल पाती है, जिसे देखते हुए यह ग्रुप बनाया गया है। आपदा राहत, बचाव के लिए ग्रुप की ओर से स्वयं ही दो सब्बल, 15 टार्च, एक रेस्क्यू कांटा, 20 हथौड़े, 20 बेलचे, 5 फावड़े सहित अन्य राहत सामग्री क्रय की गई है4ग्रुप का उद्देश्य आपदा प्रभावित जरूरतमंदों को तत्काल सहायता मुहैया करानी है। जरूरत पड़ने पर उनके लिए बरसाती और तिरपाल की व्यवस्था भी की जाती है।
कोट
युवाओं की ओर से आपदा राहत, बचाव के लिए तैयार किया गया व्हाट्सएप ग्रुप अच्छी पहल है। निश्चित रूप से यह जरूरतमंदों के लिए फायदेमंद होगा। आपदा प्रबंधन की बैठकों में ग्रुप समन्वयक को बुलाया जाएगा। आपदा राहत के लिए जरूरत पड़ी तो ग्रुप की मदद भी ली जाएगी। - स्वाति एस भदौरिया, डीएम, चमोली।