कर्णप्रयाग। नगर क्षेत्र के एक युवक पर किशोरी ने डरा धमकाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। किशोरी की तहरीर पर पुलिस ने पॉक्सो समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी और आरोपी युवक की मेडिकल जांच कराई। इसके बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष राकेश चंद्र भट्ट ने बताया कि किशोरी (16) ने पुलिस में दी तहरीर में बताया कि बुधवार शाम वह घर के समीप स्थित कूड़ेदान में कूड़ा फेंकने गई थी। वहां स्थानीय युवक ने उसे डरा धमकाकर अपने वाहन पर बिठाकर कालेश्वर में स्थित एक होटल में ले गया और दुष्कर्म किया। इसके बाद किशोरी के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर वहां से लाकर कर्णप्रयाग की एक पार्किंग में फेंक दिया। बताया कि किशोरी की तहरीर पर पुलिस ने युवक पर मुकदमा दर्ज करते हुए बृहस्पतिवार सुबह आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। कहा कि कालेश्वर स्थित होटल स्वामी से पूछताछ की जा रही है। बताया कि मेडिकल के बाद आरोपी युवक को न्यायालय अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। संवाद