-अगस्त सितंबर माह में होनी है बड़ी जात का आयोजन, खराब मार्ग पर हो सकती है दिक्कत
देवाल। श्री नंदा राजजात पैदल मार्ग पर टेंडर होने के डेढ़ माह बाद भी काम शुरू नहीं हो पाया है। अगस्त-सितंबर में होने वाली बड़ीजात यात्रा से पहले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वन विभाग को 48 किलोमीटर मार्ग की मरम्मत के लिए 1.21 करोड़ रुपये मिले हैं लेकिन शासन से अनुमोदन नहीं मिला है।
कुल 73 किलोमीटर लंबे इस बुग्याली पैदल मार्ग का 48 किलोमीटर हिस्सा आरक्षित वन क्षेत्र में आता है। ज्यूरागली, चंदनियाघाट और सुतोल जैसे कई स्थानों पर मार्ग की स्थिति खराब है। शासन ने 48 किलोमीटर के लिए कुल 1.21 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं, जिसमें वाण से गैरोली पातल, गैरोली पातल से पातर नचौड़िया, सुतोल से चंदनियाघाट और डुंग्री से सुना तक के खंड शामिल हैं। मई में टेंडर होने के बावजूद अनुमोदन के अभाव में काम रुका है। पांच अगस्त को कुरुण से श्री नंदा बड़ीजात यात्रा शुरू होगी और 20 सितंबर को होमकुंड में समाप्त होगी। शेष 25 किलोमीटर पैदल मार्ग की मरम्मत के लिए अभी बजट जारी नहीं हुआ है। श्री नंदा बड़ीजात समिति के अध्यक्ष हरेंद्र सिंह रावत ने यात्रा से पहले मार्ग ठीक होने की उम्मीद जताई। बदरीनाथ वन प्रभाग चमोली के प्रभागीय वन अधिकारी सर्वेश कुमार दुबे ने बताया कि 48 किलोमीटर मार्ग के लिए अनुमोदन जल्द मिलने की उम्मीद है और इसके बाद काम शुरू कर दिया जाएगा।