गोपेश्वर। विष्णुगाड पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (वीपीएचईपी) के मुख्य बांध का काम शुरू हाे गया है। वीपीएचईपी के परियोजना प्रमुख अजय वर्मा ने टीएचडीसी के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अनुमति लेकर मुख्य बांध के ब्लॉक एक में कंक्रीट का काम शुरू किया। इस दौरान आरके विश्नोई ने कहा कि मुख्य बांध का काम शुरू होना बड़ी उपलब्धि है। निदेशक तकनीकी भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि जिस तेजी से परियोजना में काम हो रहा है हम तय समय सीमा से पहले इसे पूरा कर देंगे। बता दें कि 444 मेगावाट की विष्णुगाड पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना पर अलकनंदा नदी में 65 मीटर ऊंचे कंक्रीट के बांध का निर्माण होना है जिसका काम शुक्रवार से शुरू कर दिया गया है। इस दौरान निदेशक वित्त जे बेहरा, निदेशक कार्मिक शैलेंद्र सिंह, एचसीसी कंपनी के सीईओ जसप्रित सिंह भुल्लर, परियोजना प्रबंधक सजित कुमार जे वर्चुअली जुड़े जबकि कार्यस्थल पर अपर महाप्रबंधक बांध पीएस रावत, अपर महाप्रबंधक टीबीएम व पावर हाउस केपी सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद