50 प्रतिशत से अधिक कार्य हुआ पूरा, 277.13 लाख में हो रहा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अतिरिक्त कक्ष कक्षों का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। कार्य का लगभग 50 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। यहां सभागार, कंप्यूटर कक्ष और अतिरिक्त कक्ष तैयार हो रहे हैं। पेयजल निगम के अधिकारियों के अनुसार मार्च माह तक कार्य पूरा कर दिया जाएगा।
महाविद्यालय में करीब 277.13 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल निगम की ओर से महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन के पीछे कक्ष कक्षों का कार्य गतिमान है। भवन के पीछे का कार्य करने के बाद अब महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन के ऊपर कार्य किया जा रहा है जिसमें बीम भरने का कार्य किया जा रहा है। निर्माण इकाई उत्तराखंड पेयजल निगम श्रीनगर के प्रोजेक्ट मैनेजर सुनील ने बताया कि निर्माण कार्य शुरू होने के दौरान वहां पर भूमि संबंधी विवाद हो गया था जिसमें काफी समय लग गया था। अब काम तेजी से किया जा रहा है। मार्च माह में निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।